KCGखास खबरछत्तीसगढ़

शिक्षक दिवस पर पीएम श्री स्व. लाल मुरत सिंह खुशरो विद्यालय गंडई में उमड़ा उत्साह, पुलिस ने दिए साइबर सुरक्षा के टिप्स

राज नेशनल न्यूज़ गंडई :  पीएम श्री स्व. लाल मूरत सिंह खुशरो शासकीय अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय (उत्कृष्ट आत्मानंद स्कूल) गंडई में शिक्षक दिवस का पर्व हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के सम्मान में रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य मुकेश शुक्ला ने विद्यार्थियों को अनुशासन का महत्व बताते हुए आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए नियमित अध्ययन एवं मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन को जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया।


पुलिस प्रशासन ने चलाया साइबर जागृति अभियान
शिक्षक दिवस के अवसर पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस की टीम भी विद्यालय पहुंची। जिले में संचालित साइबर जागृति अभियान के चतुर्थ सप्ताह के अंतर्गत विद्यालय में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में गंडई एसडीओपी मानक राम कश्यप एवं थाना प्रभारी शिव शंकर गेंदले मुख्य रूप से उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक तथा डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
सेल्फी के जरिए बढ़ाया जुड़ाव, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी


कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ सेल्फी लेकर अभियान के प्रति सहज जुड़ाव का संदेश दिया। एसडीओपी मानक राम कश्यप एवं थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले ने शिक्षकों के साथ संवाद करते हुए उन्हें साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा विद्यार्थियों एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।


पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या साइबर फ्रॉड होने पर बिना देरी किए भारत सरकार की राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने में मदद मिल सकती है।
विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों ने पुलिस विभाग की इस जागरूकता पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम शिक्षकों के सम्मान के साथ विद्यार्थियों एवं समाज को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button