KCGखास खबरछत्तीसगढ़

शिक्षकों को बनाया गया “साइबर शिक्षक”, सम्मान के साथ दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के चतुर्थ सप्ताह के अंतर्गत जिलेभर में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा साइबर सुरक्षा के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाना रहा।


अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी अधिकारी बनकर किए जाने वाले फोन कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरे तथा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही शिक्षकों को “साइबर शिक्षक” की भूमिका निभाते हुए साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता का संदेश विद्यार्थियों और समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।


“मैं हूं साइबर शिक्षक” पहल को मिला व्यापक समर्थन
साइबर जागरूकता अभियान के तहत “मैं हूं साइबर शिक्षक” पहल भी संचालित की गई। शिक्षकों एवं अन्य नागरिकों ने सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके माध्यम से साइबर अपराध से बचाव और डिजिटल सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। इस पहल में लोगों की भागीदारी से अभियान को और व्यापकता मिली।
पुलिस अधिकारियों ने शिक्षकों का किया सम्मान
शिक्षक दिवस के अवसर पर पुलिस अधिकारियों द्वारा शिक्षकों का सम्मान कर उनके सामाजिक योगदान को रेखांकित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  रूपेश कुमार डांडे ने विक्टोरिया हाई स्कूल, खैरागढ़ के प्राचार्य अनुराग के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया।
इसी क्रम में एसडीओपी खैरागढ़  आशा रानी ने प्रसिद्ध शिक्षक संजय श्रीवास्तव से भेंट कर उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया। वहीं एसडीओपी गंडई मानक राम कश्यप ने क्षेत्र के प्रसिद्ध शिक्षक से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया तथा उनके माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।


जिलेभर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्राथमिकता के साथ अभियान संचालित करते हुए नागरिकों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने, किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि वे किसी साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
KCG Police का संदेश — “जागरूक शिक्षक, जागरूक विद्यार्थी, सुरक्षित समाज।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button