रिपोर्टिंग -पत्रकार संगीत कुमार चौबे
राज नेशनल न्यूज़ : खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ नेता नीलू शर्मा ने अभियान की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुआ नरेंद्र मोदी का जनसेवा का सफर 25 वर्ष पूरा कर रहा है। इस अवसर पर अभियान के माध्यम से सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत 2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस और रक्तदान शिविर से होगी। इसी दिन शाम 7 बजे आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के तहत लोग घरों में दीप जलाएंगे। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर जिलेभर में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए मेरे सपनों का भारत विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी।
इसके अलावा नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा ज्योति कलश यात्रा, वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा : मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग तथा सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेवा ज्योति कलश यात्रा के दौरान बाइक रैली और पैदल यात्रा के माध्यम से विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। सेवा सेतु अभियान में ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की जाएगी।
प्रेस वार्ता में जिला भाजपा अध्यक्ष बिसेसर साहू, विक्रांत सिंह, घम्मन साहू, शशांक ताम्रकार सहित जनप्रतिनिधि और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने जिले के कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।



