कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में दोपहर 2 बजे होगी आरक्षण प्रक्रिया, आम नागरिक भी रह सकेंगे मौजूद
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 2 सितंबर 2026 : आगामी नगरीय निर्वाचन वर्ष 2026-27 को लेकर नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया आगामी 7 सितंबर 2026, सोमवार को संपन्न होगी। राज्य शासन द्वारा जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई अंतर्गत नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही के लिए कलेक्टर को विहित प्राधिकारी घोषित किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वार्ड आरक्षण की कार्यवाही 7 सितंबर को दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, खैरागढ़ में आयोजित की जाएगी। इस दौरान नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के आगामी निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी।
प्रशासन ने इस संबंध में आम जनता को सूचित करते हुए कहा है कि वार्ड आरक्षण की उक्त कार्यवाही के दौरान इच्छुक आम नागरिक उपस्थित रह सकते हैं। आरक्षण प्रक्रिया को लेकर नगरवासियों में भी उत्सुकता बनी हुई है, क्योंकि वार्डों के आरक्षण का आगामी नगरीय चुनाव की तैयारियों पर सीधा प्रभाव पड़ेगा।



