देवपुराघाट, साल्हेवारा व जामगांव में आवास हितग्राहियों से चर्चा, आमगांवघाट में बालिका शौचालय निर्माण का निरीक्षण
राज नेशनल न्यूज़ छुईखदान। जनपद पंचायत छुईखदान की मुख्य कार्यपालन अधिकारी केश्वरी देवांगन ने 01 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत देवपुराघाट, साल्हेवारा एवं जामगांव का निरीक्षण कर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाकर आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
सीईओ ने पंचायत अमले को लंबित आवासों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत आमगांवघाट में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधितों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
सीईओ ने कहा कि मैदानी निरीक्षण का उद्देश्य योजनाओं की जमीनी प्रगति की समीक्षा के साथ हितग्राहियों की समस्याओं को समझकर लंबित कार्यों को गति देना है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय जनपद सदस्य मन्नू मरकाम, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।



