राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई : जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के द्वितीय सप्ताह के तहत जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान जिले के 10 अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने बैंक, एटीएम, वित्तीय संस्थानों, स्थानीय बाजारों एवं स्कूलों में पहुंचकर लोगों को UPI फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं मैसेज, OTP, PIN, CVV, QR कोड तथा संदिग्ध लिंक से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। साथ ही किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान 2 हजार से अधिक आम नागरिक, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक हुए। पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि डिजिटल लेन-देन के दौर में थोड़ी सी सावधानी बड़ी आर्थिक क्षति से बचा सकती है। “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें—साइबर अपराध से बचाव हम सबकी जिम्मेदारी है।” KCG पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।



