
राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ / साल्हेवारा : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र साल्हेवारा का निरीक्षण किया। इस दौरान आज दिनांक 9 जुलाई प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को प्रदान की जा रही प्रसवपूर्व स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया तथा उपस्थित हितग्राहियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से चर्चा कर सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने गर्भवती महिलाओं से उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुविधाओं के संबंध में संवाद किया तथा चिकित्सकों को सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व जांच, आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित मातृत्व हेतु गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिसे पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किया जाए। अस्पताल में अन्य सेवाओं का अवलोकन किया।
कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के नवीन भवन के निर्माण कार्य की भी जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित एजेंसी को शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन नवीन भवन में यथाशीघ्र प्रारंभ किया जा सके और क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन तथा रोगी-अनुकूल वातावरण को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों एवं उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण, सम्मानजनक एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रकाश वर्मा एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



