किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राजेश पाण्डेय ने सरकार से तत्काल निर्णय लेने की मांग की
रायपुर। छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम की माता कौशल्या का ननिहाल और भगवान राम का मायका बताते हुए किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राजेश पाण्डेय ने धार्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की मांग की है।
राजेश पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान राम वन गमन पथ, माता कौशल्या मंदिर और भगवान श्रीराम से जुड़ी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से रही है। ऐसे में भगवान हनुमान जी पर आधारित फिल्म को प्रदेश में टैक्स फ्री किया जाना चाहिए, ताकि आम जनता आसानी से इस फिल्म को देख सके।
उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ फिल्म को अन्य राज्यों में भी इसे टैक्स फ्री करने की मांग उठ रही है। छत्तीसगढ़ में भी सरकार को इस दिशा में पहल करते हुए तत्काल निर्णय लेना चाहिए।
पाण्डेय ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और धार्मिक विरासत के प्रति गंभीर है, तो माता कौशल्या की पावन धरती पर भगवान हनुमान पर आधारित फिल्म को टैक्स फ्री कर सकारात्मक संदेश देना चाहिए।
छात्रों एवं मजदूर वर्ग के लिए निःशुल्क प्रदर्शन की मांग
राजेश पाण्डेय ने फिल्म को टैक्स फ्री करने के साथ ही माता कौशल्या धाम चंदखुरी से इसकी शुरुआत करते हुए प्रदेश के स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, युवाओं एवं मजदूर वर्ग के लिए निःशुल्क फिल्म प्रदर्शन की व्यवस्था करने की मांग भी रखी।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित फिल्में नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम और हनुमान जी के आदर्शों तथा संस्कारों से परिचित कराने का माध्यम बन सकती हैं।
उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार से मांग की कि इस विषय पर जल्द निर्णय लेते हुए प्रदेश में ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री किया जाए। साथ ही कहा कि मांग पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर किसान कांग्रेस माता कौशल्या के ननिहाल के सम्मान से जुड़े इस विषय को लेकर आगे सार्थक पहल करेगी।



