KCGखास खबरछत्तीसगढ़

गिरदावरी और पीवी ऐप से पॉलीगन बनाने का काम समय-सीमा में करें पूरा : कलेक्टर

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :  कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल ने समय-सीमा की बैठक में राजस्व कार्यों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने तहसीलदारों को शत-प्रतिशत गिरदावरी पूर्ण करने और पीवी ऐप के माध्यम से पॉलीगन बनाने का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने और नागरिकों को समय पर राहत पहुंचाने पर जोर दिया।

राजस्व कार्यों में शत-प्रतिशत लक्ष्य पर जोर

बैठक में गिरदावरी और पॉलीगन निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख तैयार करने से जुड़े कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें

कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन और आमजन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए मिलने वाली प्रत्येक शिकायत का निराकरण कर नागरिकों को वास्तविक राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों को शिकायतों में दर्ज समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने और समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर कार्रवाई से संबंधित जानकारी दर्ज करते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा। शिकायत पर की गई कार्रवाई और निराकरण की स्थिति का विवरण स्पष्ट, सही और तथ्यपरक होना चाहिए। संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ निराकरण की गुणवत्ता पर भी ध्यान दें।

हितग्राहियों की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश

बैठक में नियद नेल्लानार योजना के तहत विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित पात्र हितग्राहियों की जानकारी दर्ज करने के कार्य की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को हितग्राहियों को दिए गए लाभ का विवरण संकलित कर पोर्टल पर सही और पूर्ण जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। इससे योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सकेगा।

चावल जमा करने और संग्रहण की भी समीक्षा

कलेक्टर ने चावल जमा करने की प्रगति और संग्रहण केंद्रों की स्थिति की जानकारी ली। संबंधित विभागों से चावल जमा करने एवं उसके संग्रहण से जुड़े कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने, शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और अपने विभागीय दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, एसडीएम अविनाश ठाकुर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button