KCGखास खबरछत्तीसगढ़

‘सेवा सेतु’ से ग्रामीणों को बड़ी सौगात, अब पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की 9 सेवाएं ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध

घर बैठे ऑनलाइन आवेदन, तय समय-सीमा में मिलेगा लाभ; जिला पंचायत ने प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :  छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल “सेवा सेतु – जनता के द्वार, डिजिटल सरकार” ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुशासन को नई दिशा दे रही है। इस पहल के माध्यम से प्रदेशभर में 652 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की 9 महत्वपूर्ण जन-उपयोगी सेवाएं भी शामिल हैं, जिनका लाभ अब ग्रामीण नागरिक ग्राम पंचायत स्तर पर आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
इस व्यवस्था से ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए तहसील, जनपद या जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। नागरिक सेवा सेतु पोर्टल, व्हाट्सएप अथवा नजदीकी चॉइस सेंटर के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकेंगे तथा आवेदन की स्थिति मोबाइल पर एसएमएस एवं व्हाट्सएप के जरिए भी देख सकेंगे।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की सेवाओं में VB-G RAM G रोजगार, VB-G RAM G जॉब कार्ड, कॉलोनाइजर पंजीयन हेतु अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC), ग्रामीण नल कनेक्शन, साफ-सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट रिपेयर, भवन निर्माण अनुमति तथा विवाह पंजीकरण एवं प्रमाण-पत्र जैसी नागरिक हित की महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल हैं। इनमें कई सेवाओं के लिए 5 दिन, 7 दिन, 15 दिन एवं 30 दिन की समय-सीमा निर्धारित की गई है, जिससे आम नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं मिल सकें।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को पंचायत कार्यालय में इन सेवाओं की सूची प्रदर्शित करने, ग्राम सभा एवं जनसंपर्क के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र हितग्राहियों के आवेदन समय पर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही समय-सीमा वाली सेवाओं का निर्धारित अवधि में निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
जिला पंचायत का मानना है कि “सेवा सेतु – जनता के द्वार, डिजिटल सरकार” ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करेगा। यह पहल शासन की सेवाओं को सीधे नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे ग्रामीणों का समय, श्रम और धन तीनों की बचत होगी तथा डिजिटल शासन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
“सेवा सेतु – अब विकास आपके द्वार” के संदेश के साथ जिला प्रशासन ने जिले के सभी ग्रामीण नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button