राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 6 अक्टूबर 2026 // कलेक्टर सभा कक्ष में विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा जिले के सभी शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों के लिए स्थानांतरण प्रमाण पत्र (Transfer Certificate) जारी करने की प्रक्रिया संबंधी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन तथा डिप्टी कलेक्टर एवं जिला नोडल अधिकारी पूजा पिंछा के निर्देशन में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय परिवर्तन के दौरान आवश्यक स्थानांतरण प्रमाण पत्र सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सरल एवं सुगम रूप से उपलब्ध कराना रहा।

प्रशिक्षण में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मिथलेश ठाकुर ने सेवा सेतु पोर्टल पर स्थानांतरण प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक जानकारी एवं अभिलेखों के सत्यापन तथा प्रमाण पत्र जारी करने से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को प्राचार्यों को समझाया।
प्रशिक्षण के तकनीकी पक्ष की जानकारी पंकज सोलंकी एवं शुभम भारद्वाज द्वारा दी गई। उन्होंने पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि, आवश्यक विवरण दर्ज करने, अभिलेखों का मिलान करने तथा प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही पोर्टल पर जानकारी दर्ज करते समय आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेखों में दर्ज जानकारी का सही मिलान एवं सत्यापन करने पर विशेष जोर दिया गया। प्राचार्यों को बताया गया कि प्रमाण पत्र जारी करने से पहले विद्यार्थी की आवश्यक जानकारी का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया जाए, जिससे प्रमाण पत्र में त्रुटि की संभावना कम हो और विद्यार्थियों को आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्राचार्यों ने प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की तथा तकनीकी एवं व्यावहारिक शंकाओं का समाधान किया।



