राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ / गंडई : खेलकूद और योग के साथ विद्यार्थियों ने जाना कानून, यातायात नियम एवं पुलिस की कार्यप्रणाली
गंडई : हॉकी के जादूगर एवं महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पीएम श्री स्वर्गीय लाल मूरत सिंह खुसरो शासकीय अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय, गंडई में खेल गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं नागरिक ज्ञान से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य मुकेश शुक्ला के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं को गंडई थाना का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के स्पोर्ट्स शिक्षक प्रिंकेश कश्यप एवं योग शिक्षक रुपेन्द्र कुमार की देखरेख में विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलकूद एवं योग गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों को शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक एकाग्रता और अनुशासन के महत्व से अवगत कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने दी कानून की जानकारी
खेल गतिविधियों के बाद विद्यार्थियों को गंडई थाना का भ्रमण कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात नियमों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी सरल भाषा में दी। विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों को लेकर उत्सुकतापूर्वक सवाल किए, जिनका अधिकारियों ने सहजता से जवाब दिया।
शिक्षकों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं अनुशासन बनाए रखने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर महेश सिंह ठाकुर, मनीज दास, देवेन्द्र वासनिक, जसबीर सिंह, किरण वर्मा, किरण ठाकुर, दुर्गेश सेन, रवीश भारती, हिमांशु वर्मा, नेहा देवांगन एवं टोपुराम साहू सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
प्राचार्य मुकेश शुक्ला ने आयोजन को ज्ञानवर्धक एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताते हुए गंडई पुलिस प्रशासन तथा विद्यालय के समस्त स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा वे कानून, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति अधिक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ते हैं।



