शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुढीपार में लगेगा शिविर, विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 6 अक्टूबर 2026 // सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम मुढीपार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 8 अक्टूबर 2026 को शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा पूर्व जारी आदेश में संशोधन करते हुए शिविर की नई तिथि निर्धारित की गई है।
शिविर के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खैरागढ़ अविनाश ठाकुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शिविर में तहसील, पंचायत, स्वास्थ्य, वन, कृषि, खाद्य, श्रम, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, मत्स्य, शिक्षा, आयुष, कौशल विकास एवं रोजगार, निर्वाचन, बैंकिंग, विद्युत, परिवहन, खेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र हितग्राहियों को विभागीय सेवाओं का लाभ दिलाने, आवेदन प्राप्त करने तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने की व्यवस्था की जाएगी। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को शिविर में आवश्यक विभागीय व्यवस्थाओं एवं सेवाओं के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।



