
2 अक्टूबर गांधी जयंती पर स्वच्छता की शपथ लेकर चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने किया श्रमदान
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान 2026 एवं स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत सिविल अस्पताल खैरागढ़ में वृहद स्वच्छता एवं साफ-सफाई अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर चिकित्सालय के चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ लेकर अस्पताल परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वास्थ्यकर बनाए रखने का संकल्प लिया तथा सामूहिक रूप से श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अनिल कुमार शुक्ला,सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीष शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन, नोडल अधिकारी डॉ. पंकज वैष्णव, डीपीएम सोनल ध्रुव, बीपीएम आकाश तम्बोली , संजय श्रीवास्तव, सुरेश मंडावी सहित चिकित्सालय के चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, कार्यालयीन अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य चिकित्सालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए श्रमदान किया।
अभियान के दौरान अस्पताल परिसर के विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की गई। परिसर में पड़े कचरे एवं अनुपयोगी सामग्री को हटाया गया तथा आसपास के क्षेत्रों की भी सफाई की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता को केवल एक दिवसीय गतिविधि न मानकर इसे दैनिक कार्यप्रणाली एवं व्यक्तिगत जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहने, अपने कार्यस्थल एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीष शर्मा ने कहा कि अस्पताल जैसे स्वास्थ्य संस्थान में स्वच्छता का विशेष महत्व है। स्वच्छ अस्पताल परिसर मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ संक्रमण की रोकथाम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल, वार्ड, ओपीडी तथा अस्पताल परिसर की स्वच्छता के प्रति निरंतर जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
स्वच्छता अभियान के दौरान चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों ने स्वयं सफाई कार्य में भाग लेकर “स्वच्छता ही सेवा” की भावना को साकार किया। सामूहिक श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति अथवा विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ चिकित्सालयीन अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आम नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को आत्मसात करते हुए सिविल अस्पताल खैरागढ़ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने चिकित्सालय परिसर की स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने तथा भविष्य में भी स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का संकल्प लिया।



