
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : स्वतंत्रता दिवस के पूर्व खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में शुक्रवार को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में फतेह सिंह खेल मैदान से स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ते जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं, बच्चों और नागरिकों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने हाथों में तिरंगा लहराकर किया। तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, खेल संघों, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस, रेडक्रॉस, पुलिस बल, वन विभाग तथा मीडिया प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
फतेह सिंह खेल मैदान से शुरू हुई तिरंगा यात्रा अंबेडकर चौक होते हुए पुनः फतेह सिंह खेल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
तिरंगा शहीदों के त्याग और बलिदान की पहचान : विक्रांत सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों के त्याग, संघर्ष और समर्पण का प्रतीक है।
उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं और बच्चों से आग्रह किया कि हर घर तिरंगा अभियान को केवल एक आयोजन न मानें, बल्कि इसे राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य और सम्मान के रूप में अपनाएं। उन्होंने कहा कि अपने घरों पर तिरंगा फहराकर हम स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त कर सकते हैं। सभी नागरिक एकजुट होकर देश की एकता, समरसता और समृद्धि को मजबूत करें तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।
तिरंगे के सम्मान की भावना सदैव बनी रहे : कलेक्टर
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा की भावना केवल आज के आयोजन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह भावना हमारे दिलों में हमेशा बनी रहनी चाहिए। तिरंगे का सम्मान देश की गरिमा और हमारी राष्ट्रीय जिम्मेदारी से जुड़ा है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने और अपने कार्यों के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
सीईओ ने जताया आभार
जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा यात्रा में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों के साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों एवं संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में वन, शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगर पालिका, खेल संघ, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस एवं रेडक्रॉस सहित विभिन्न विभागों और संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अरुणा बनाफर, दिनेश वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, विकेश गुप्ता, गोरेलाल वर्मा, सुमित टाडिया, नीलिमा गोस्वामी, आत्मनिर्भर भारत से रूपेश देवांगन, अनुराग शांति तूरे, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, सुमन राज, एसडीएम खैरागढ़ टांकेश्वर प्रसाद साहू, डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंच, रेणुका रात्रे, देवेश साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले आयोजित इस आयोजन ने जिले में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को नई ऊर्जा दी। तिरंगे की आन-बान-शान के साथ निकली यात्रा ने नागरिकों को स्वतंत्रता के लिए दिए गए बलिदानों को याद करते हुए राष्ट्रहित में एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।



