
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ 25 सितंबर 2026// सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने ग्राम पंचायत चिचका की मीना बाई के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। पति के निधन के बाद वर्षों तक सीमित संसाधनों के बीच कच्चे मकान में जीवन बिताने वाली मीना बाई अब अपने पक्के और सुरक्षित घर में सम्मानपूर्वक जीवन-यापन कर रही हैं।
लगभग दस वर्ष पूर्व पति के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी मीना बाई के कंधों पर आ गई। मजदूरी से होने वाली सीमित आय के सहारे जीवन-यापन करते हुए वे लंबे समय तक जर्जर कच्चे मकान में रहने को विवश थीं। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकना, गर्मी में अत्यधिक गर्मी और सर्दियों में ठंड से बचाव की कठिनाई उनके दैनिक जीवन का हिस्सा थी। एकल महिला होने के कारण सुरक्षित आवास की आवश्यकता उनके लिए और भी महत्वपूर्ण थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने से स्वयं के संसाधनों से पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था।
वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत उनका आवास स्वीकृत हुआ। शासन से प्राप्त 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि तथा मनरेगा के अंतर्गत प्राप्त मजदूरी का उपयोग उन्होंने आवास निर्माण में किया। इसके साथ ही मजदूरी से होने वाली अपनी बचत को भी घर बनाने में लगाया। सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर मेहनत और हौसले के साथ उन्होंने अपने पक्के घर का निर्माण पूरा किया।
आज मीना बाई अपने स्वयं के पक्के आवास में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रही हैं। अब उन्हें बारिश में छत टपकने, मौसम की कठिनाइयों और असुरक्षित आवास की पुरानी चिंता नहीं रहती। पक्के आवास ने उनके जीवन में सुरक्षा के साथ आत्मविश्वास और स्थायित्व का भाव भी बढ़ाया है।
मीना बाई बताती हैं कि जब उनका अपना पक्का घर नहीं था, तब हर मौसम में चिंता बनी रहती थी। आज अपने घर में रहने से उन्हें सुकून, सुरक्षा और सम्मान का अनुभव होता है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से मिले सहयोग के लिए भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।



