राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 1 नवंबर : छत्तीसगढ़ में कार्यरत मीडिया कर्मियों को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य शासन ने पहल शुरू की है। इसके लिए ‘छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना-2026’ का प्रारूप तैयार किया गया है। योजना को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए शासन ने प्रारूप पर सुझाव आमंत्रित किए हैं।
जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, योजना के प्रारूप एवं इसके क्रियान्वयन से संबंधित सुझाव 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक भेजे जा सकेंगे। इसके लिए जनसंपर्क विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.dprcg.gov.in पर योजना का प्रारूप प्रकाशित किया गया है।
इच्छुक मीडिया कर्मी योजना के प्रावधानों और क्रियान्वयन को लेकर अपने सुझाव ईमेल chhattisgarhmediakarmi@gmail.com पर भेज सकते हैं। सुझाव आमंत्रित करने के लिए एक माह का समय निर्धारित किया गया है।
इस पहल से प्रदेश में कार्यरत मीडिया कर्मियों को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना संबंधी आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठने की उम्मीद है।



