रिपोर्टिंग रिंकू पाण्डेय साल्हेवारा
संकुल रामपुर में हुआ सम्मान समारोह, बैंड-बाजे के साथ निज निवास तक छोड़ने पहुंचे शिक्षक और ग्रामीण
राज नेशनल न्यूज़ साल्हेवारा : खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के साल्हेवारा से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित ग्राम कोसमर्रा की प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक प्रदीप उइके के सेवानिवृत्त होने पर 24 अक्टूबर 2026 को संकुल रामपुर परिवार की ओर से संकुल स्तरीय विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कोसमर्रा, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और शिक्षक समुदाय की उपस्थिति में उइके को भावभीनी विदाई दी गई।
समारोह में संकुल प्राचार्य पटेल ने उइके के साथ बिताए कार्यकाल के अनुभवों और यादगार पलों को साझा किया। उन्होंने शिक्षा के प्रति उनकी लगन, कार्यशैली और समर्पण की सराहना करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया।
संकुल समन्वयक मनोज मरकाम ने प्रदीप उइके के शिक्षा जगत में दिए गए योगदान, त्याग और समर्पण पर प्रकाश डालते हुए उनके सेवाकाल का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया। इस अवसर पर संकुल परिवार की ओर से श्री उइके को श्रीफल, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उनकी पत्नी भी उपस्थित रहीं।
शिक्षक, ग्रामीण और पूर्व विद्यार्थी हुए शामिल
समारोह में संकुल के व्याख्याता, प्रधान पाठक एवं शिक्षकगण, ग्राम पंचायत के सरपंच-पंच, ग्रामीण और श्री उइके के पूर्व विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम में आमगांव संकुल समन्वयक खुशरो, एमएस मरकाम और प्रधान पाठक विनेश बांसरी सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का मंच संचालन संकुल समन्वयक मनोज मरकाम ने किया। समारोह के समापन के बाद ग्रामीणों और शिक्षक साथियों ने बैंड-बाजे के साथ प्रदीप उइके को उनके निज निवास तक ससम्मान पहुंचाया। विदाई के इस भावुक पल में उनके शैक्षणिक योगदान और सेवाकाल की स्मृतियां सभी के बीच चर्चा का विषय रहीं।



