
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने समय-सीमा की बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी की तैयारियों सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा, बारदाने की उपलब्धता, सुरक्षित भंडारण और परिवहन की व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने गिरदावरी, खसरा संबंधी विवरण और पीवी ऐप में पंजीयन के लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि और फसल संबंधी जानकारी का सत्यापन कर त्रुटियों का निराकरण करने तथा बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
कलेक्टर ने नियद नेल्लानार 2.0 के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों की जनपदवार ऑनलाइन एंट्री की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रविष्टियां पूर्ण करने के लिए विशेष अभियान चलाने और प्रगति की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही ऑनलाइन एंट्री में आ रही समस्याओं का निराकरण कर हितग्राहियों की सही और पूर्ण जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने को कहा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव के जिला भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों पर की जा रही कार्रवाई की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा जनहित से जुड़े लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



