राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 22 सितम्बर // सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों के जीवन को आसान बना रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से ग्राम सहसपुर निवासी बीना बाई वर्मा को स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिली है। गैस कनेक्शन मिलने से अब उन्हें खाना पकाने में सुविधा के साथ लकड़ी के धुएं से भी राहत मिल रही है।
बीना बाई वर्मा, पति कार्तिक वर्मा, को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की जानकारी ग्राम पंचायत के माध्यम से मिली। उन्होंने योजना का लाभ लेने के लिए ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से आवेदन कराया। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें योजना के तहत गैस कनेक्शन और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
योजना के अंतर्गत बीना बाई को डबल बर्नर गैस चूल्हा, रेगुलेटर, पाइप और भरा हुआ गैस सिलेंडर मिला। गैस चूल्हे की सुविधा मिलने के बाद अब वे कम समय में आसानी से भोजन तैयार कर पा रही हैं। पहले लकड़ी से खाना पकाने के दौरान रसोई में होने वाले धुएं की परेशानी भी अब कम हुई है।
बीना बाई वर्मा ने बताया कि “पहले खाना बनाने के लिए लकड़ी का उपयोग करना पड़ता था, जिससे रसोई में काफी धुआं होता था। अब गैस चूल्हा मिलने से खाना बनाना आसान हो गया है। रसोई में धुआं नहीं होता और घरेलू काम भी सुविधाजनक हो गया है।”
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से स्वच्छ ईंधन तक पहुंच बढ़ाने के साथ ग्रामीण परिवारों की महिलाओं को घरेलू कार्यों में सुविधा मिल रही है। बीना बाई को मिला गैस कनेक्शन भी इसी बदलाव का हिस्सा है। स्वच्छ ईंधन की सुविधा से उनकी रसोई धुआं मुक्त हुई है और दैनिक जीवन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक बना है।



