KCGखास खबरछत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना बनी आत्मनिर्भरता का आधार

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ 06 अगस्त 2026// छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक सिद्ध हो रही है। योजना के अंतर्गत प्रतिमाह प्राप्त होने वाली आर्थिक सहायता का महिलाएं न केवल अपनी दैनिक आवश्यकताओं में उपयोग कर रही हैं, बल्कि इसे अपनी पारंपरिक आजीविका को मजबूत करने का माध्यम भी बना रही हैं।

नगर पंचायत गंडई के वार्ड क्रमांक 12 में निवासरत कंडरा समाज की महिलाओं द्वारा महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग बांस खरीदने तथा बांस से टोकरी, सूपा एवं अन्य उपयोगी सामग्री तैयार करने में किया जा रहा है। बांस शिल्प कंडरा समाज की पारंपरिक आजीविका का महत्वपूर्ण हिस्सा है। योजना से नियमित रूप से प्राप्त आर्थिक सहायता ने महिलाओं को इस पारंपरिक व्यवसाय को निरंतर जारी रखने के लिए आवश्यक आर्थिक संबल प्रदान किया है।

महिलाओं द्वारा अपने कौशल से तैयार टोकरी, सूपा एवं अन्य बांस उत्पादों को स्थानीय स्तर पर विक्रय किया जाता है, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय प्राप्त होती है। इस प्रकार महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग आय सृजन की गतिविधि में कर महिलाएं आर्थिक रूप से अधिक सक्षम एवं आत्मनिर्भर बन रही हैं।

यह पहल इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि शासन द्वारा महिलाओं को प्रदान की जा रही आर्थिक सहायता किस प्रकार पारंपरिक हुनर, स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण को एक साथ बढ़ावा दे सकती है। गंडई वार्ड क्रमांक 12 की कंडरा समाज की महिलाओं ने महतारी वंदन योजना की राशि को अपनी मेहनत और हुनर से जोड़कर इसे आत्मनिर्भरता के अवसर में परिवर्तित किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button