
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 30 अक्टूबर : शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट कर उसे घायल करने के मामले में खैरागढ़ पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बबूल का डंडा भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 4 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे नया बस स्टैंड स्थित शिव मंदिर रोड पर हुई थी। आरोपी चिकू पटेल (23), निवासी शिव मंदिर रोड, नया बस स्टैंड खैरागढ़ ने चैतेंद्र तिवारी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने डंडे से हमला कर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया आरोपी
घटना की शिकायत पर खैरागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 355/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2), 119(2) और 324(4) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
30 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में इस्तेमाल बबूल का डंडा पेश किया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



