
ठेलकाडीह पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत की कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
राज नेशनल न्यूज़ ठेलकाडीह : ठेलकाडीह पुलिस ने अवैध रूप से शराब ले जाने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब, कुल 5.4 बल्क लीटर, जब्त की गई है। जब्त शराब की कीमत 2,400 रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ठेलकाडीह स्थित देशी-अंग्रेजी शराब दुकान से एक व्यक्ति शराब लेकर मेन रोड की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम किशोर देवांगन (47), निवासी सुकुलदैहान, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव बताया।
पुलिस ने उसके पास रखे सफेद-लाल रंग के थैले की तलाशी ली। थैले से 30 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना ठेलकाडीह में अपराध क्रमांक 200/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी
ठेलकाडीह पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।



