
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ‘माय भारत’ (MY Bharat) खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा छात्रावास परिसर और निकटवर्ती झील क्षेत्र में एक विशेष स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात माय भारत के स्वयंसेवकों और छात्रावास परिसर के युवाओं ने देश को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की निष्ठापूर्वक शपथ ली।
शपथ ग्रहण के उपरांत सभी युवाओं और स्वयंसेवकों ने हाथ में झाड़ू व तगाड़ी थामकर छात्रावास परिसर तथा झील के आसपास फैले कचरे, प्लास्टिक और झाड़ियों की सफाई कर श्रमदान किया। इस सामूहिक प्रयास से झील क्षेत्र और परिसर पूरी तरह स्वच्छ एवं सुंदर नजर आने लगा।
इस सफल आयोजन का नेतृत्व टिकेंद्र वर्मा, खिलेश कुमार, रोहन साही ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी जी के ‘स्वच्छ भारत’ के सपने को साकार करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं एवं स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।



