राज नेशनल न्यूज़ गंडई पंडरिया : जब इरादे मजबूत हों और गुरु का मार्गदर्शन साथ हो, तो सफलता खुद चलकर आती है। इसका जीवंत प्रमाण दिया है ‘नवप्रयास कोचिंग सेंटर’ गंडई के 64 मेधावी विद्यार्थियों ने। बाल दिवस पर शासकीय नवीन पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में इन होनहार बच्चों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। पूरा परिसर तालियों और खुशियों से गूंज उठा। कार्यक्रम में 300 से अधिक पालक, शिक्षक और गणमान्य अतिथि इन बच्चों का हौसला बढ़ाने पहुंचे।
गंडई के बच्चों ने रचा इतिहास:
- प्रयास परीक्षा: 29 विद्यार्थियों का चयन
- एनएमएमएस (NMMS): 20 विद्यार्थियों का चयन
- एकलव्य विद्यालय: 6 विद्यार्थियों का चयन
- सैनिक स्कूल: 5 विद्यार्थियों का चयन
- जवाहर नवोदय विद्यालय: 4 विद्यार्थियों का चयन
ये सिर्फ आंकड़े नहीं हैं, ये उन बच्चों के सपनों की उड़ान हैं, जो सुबह-सुबह ठंड में भी पढ़ने आते थे और आज बड़े विद्यालयों का द्वार खोल चुके हैं।
निःशुल्क शिक्षा ही असली सेवा है:
नवप्रयास कोचिंग सेंटर शासकीय शिक्षकों की एक निःस्वार्थ पहल है। यहां रोज सुबह 7 से 9 बजे तक बच्चों को बिल्कुल निःशुल्क तैयारी कराई जाती है। संस्था का एक ही संकल्प है—कोई भी बच्चा पैसों की कमी के कारण अपने सपने से दूर न रहे।
जिला शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र कुमार देवांगन, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, नगर पंचायत गंडई अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो, उपाध्यक्ष श्यामपाल ताम्रकार, वार्ड नं. 10 पार्षद प्रकाश पटेल, वार्ड नं. 07 पार्षद राकेश निषाद सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
डीईओ उपेन्द्र कुमार देवांगन ने कहा, “नवप्रयास सिर्फ एक कोचिंग नहीं, बल्कि गरीब और ग्रामीण बच्चों के सपनों को पंख देने वाला मंदिर है। यहां के शिक्षक सच में राष्ट्र निर्माता हैं।”
बच्चों को मिला सैल्यूट, सबकी आंखें हुईं नम:
समारोह का सबसे भावुक पल तब आया, जब सैनिक स्कूल में चयनित पांचों बच्चों को मंच पर बुलाकर सभी ने खड़े होकर सैल्यूट किया। सभी ने उन्हें देश की रक्षा के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सभी शिक्षकों के तन, मन और धन के स्वस्फूर्त सहयोग की भी खूब सराहना की गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो की निधि से ₹2.50 लाख रुपए के डिजिटल बोर्ड और वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद दिलीप ओगरे की ओर से ₹25,000 की फोटोकॉपी प्रिंटर मशीन उपलब्ध कराई गई। बाल दिवस के अवसर पर संस्था के बच्चों ने परिसर में सुंदर रंगोली बनाई थी, जिसकी सभी ने खूब सराहना की।
कार्यक्रम में यात्री पड़वार, संकुल समन्वयक कौशल सिंह राजपूत, राजेश कुमार श्रीवास्तव, पुनेश्वर राम देवांगन, भागचंद साहू, महेश कुमार वर्मा, विरेन्द्र कुमार वर्मा, खेमशंकर साहू, खेमलाल जंघेल, दीपक मिश्रा, पूर्णेश वैष्णव, उज्जवल नामदेव, जगदीश पटेल, मायाराम राठौर, परषोत्तम साहू, सुशील कुमार साहू, कौशल श्रीवास्तव, मुकेश कश्यप, शेख कलीम, पन्नालाल जंघेल, संतोष कुमार रजक, शेष नारायण साहू, लक्ष्मी निर्मलकर, रामदत्त साहू, भीखेंद्र जघेल, शिवचरण वर्मा, प्रभाकर जघेल, तोकराम सिन्हा, गांधी राम साहू, देवेंद्र साहू, संतोष दास झारिया, कमलेश सिंह नेताम सहित अनेक शिक्षक एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे। संस्था की दो वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी कौशल राजपूत ने दी।
मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती। आज ये 64 बच्चे गंडई के लिए प्रेरणा हैं, कल यही बच्चे देश का नाम रोशन करेंगे।



