राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आज पुलिस उप अधीक्षक प्रदीप येरेवार के सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उप अधीक्षक सहित कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रदीप येरेवार के परिवारजन उपस्थित रहे।
प्रदीप येरेवार ने 14 जुलाई 1990 को उप निरीक्षक के पद पर पुलिस विभाग में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। लगभग 36 वर्षों की गौरवपूर्ण पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए कर्तव्यनिष्ठा, साहस एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उप निरीक्षक के पद से प्रारंभ हुई उनकी सेवा यात्रा पुलिस उप अधीक्षक के पद तक पहुंची और आज वे इसी पद से सेवानिवृत्त हुए।
अपने दीर्घ सेवाकाल के दौरान प्रदीप येरेवार ने विभिन्न प्रकार के अपराधों की रोकथाम, अपराध नियंत्रण तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ पुलिस सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा जिले एवं राज्य में शांति बनाए रखने में अपना अहम योगदान दिया।
विदाई समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रदीप येरेवार के दीर्घ सेवाकाल, अनुभव एवं योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं शुभकामनाएं व्यक्त की गईं। इस अवसर पर उन्हें शाल, श्रीफल, गिफ्ट पैक एवं स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रदीप येरेवार के आगामी जीवन के लिए स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।



