खैरागढ़छत्तीसगढ़

जिले के 4 पीएमश्री विद्यालयों में एआई आधारित कार्यशाला संपन्न, विद्यार्थियों ने सीखी आधुनिक तकनीकों की बारीकियां

खैरागढ़ : विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जोड़ने तथा भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जिले के चार पीएमश्री विद्यालयों—खैरागढ़, छुईखदान, गंडई एवं जालबांधा में 30 जून से 3 जुलाई 2026 तक एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।

कार्यशालाओं में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, 3-डी प्रिंटिंग, 3-डी पेन तथा STEM आधारित नवाचारों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने छात्रों को आधुनिक तकनीकों के सिद्धांतों के साथ-साथ उनके उपयोग एवं वास्तविक जीवन में महत्व से भी अवगत कराया। विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी उपकरणों का स्वयं संचालन कर सीखने का अनुभव प्राप्त किया।

कार्यशाला के दौरान रोबो सॉकर, रोबो रेस, ड्रोन डेमो तथा तकनीकी प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसने विद्यार्थियों में विज्ञान एवं नवाचार के प्रति विशेष उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध नए अवसरों तथा नवाचार आधारित सीखने की प्रक्रिया से परिचित कराया गया।

कार्यशालाओं का आयोजन जिला कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री मुकुल के. पी. साव के मार्गदर्शन में किया गया। समापन अवसर पर पीएम श्री डॉ. प. पु. बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय, खैरागढ़ में एक दिवसीय STEM समर कैम्प एवं टेक्नोलॉजी कार्यशाला का आयोजन दुर्ग संभाग आयुक्त श्री सत्यनारायण राठौर की उपस्थिति में संपन्न हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर आधुनिक तकनीकों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा नवाचार आधारित शिक्षा को समय की आवश्यकता बताया।

कार्यशालाओं के सफल संचालन में कमल चंदेलकर, विकास चंदेलकर, प्रमोद निषाद एवं अमितेश हरसुख का विशेष योगदान रहा। विद्यालयों के प्राचार्यों ने इस पहल को विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता व्यक्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button