
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई : जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के द्वितीय सप्ताह के तहत जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत लगभग 10 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर कुल 3,287 नागरिकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस द्वारा बैंक, एटीएम, वित्तीय संस्थानों एवं स्कूलों में पहुंचकर लोगों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। इस दौरान UPI फ्रॉड, फर्जी कॉल एवं मैसेज, OTP, PIN, CVV, QR कोड तथा संदिग्ध लिंक से होने वाली ठगी से बचने के आवश्यक उपाय बताए गए।
जागरूकता कार्यक्रमों में पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचें और ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतें। पुलिस अधिकारियों ने साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी। समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें—साइबर अपराध से बचाव हम सबकी जिम्मेदारी है।” पुलिस का उद्देश्य जिले के प्रत्येक नागरिक को डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित बनाना है।



