राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 17 अगस्त 2026// राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 20 अगस्त 2026 को छुईखदान क्षेत्र में मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास राहत कार्यों के दौरान नाव के पलट जाने की काल्पनिक घटना पर आधारित होगा।
मॉक एक्सरसाइज के तहत छिंदारी बांध ( छिंदारी के परिंदे) को मुख्य अभ्यास स्थल निर्धारित किया गया है। यहां स्टेजिंग एरिया, इंसिडेंट कमांड पोस्ट, हेलीबेस/हेलीपैड, राहत शिविर, रेस्पॉन्डर्स कैंप एवं अस्पताल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को सक्रिय कर आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा अभ्यास के लिए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सुरेन्द्र कुमार ठाकुर को इंसिडेंट कमांडर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार डांडे को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इससे पूर्व 18 अगस्त को टेबल टॉप एक्सरसाइज (TTEX) के माध्यम से आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की भूमिका, समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता को परखना है।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को सौंपे गए दायित्वों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।



