
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ‘मेरी पोषण थाली’ और ‘हर घर मुनगा अभियान’ की गतिविधियां आयोजित
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ // परियोजना छुईखदान अंतर्गत ग्राम खौड़ा के आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार, सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार, राकेश ठाकुर, उमा चौबे, अंजली, जनपद सदस्य रिखीराम, ग्राम सरपंच एवं उपसरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में ‘मेरी पोषण थाली’ का प्रदर्शन, बच्चों की स्वास्थ्य जांच, न्योता भोज तथा ‘हर घर मुनगा अभियान’ के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्रामीणों और हितग्राहियों को घर-घर मुनगा का पौधा लगाने तथा इसकी पत्तियों एवं फलियों को दैनिक भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। मुनगा में पाए जाने वाले पोषक तत्वों की जानकारी देते हुए इसके उपयोग के महत्व को बताया गया। इस अवसर पर पौधारोपण भी किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी पी.आर. खुटेल ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व पर जानकारी देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों एवं माताओं को सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ समुदाय की सहभागिता से पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा बच्चों एवं माताओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए जनसहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने ‘हर घर मुनगा अभियान’ को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर में मुनगा का पौधा लगाए और इसकी पत्तियों एवं फलियों को भोजन में शामिल करे। इससे स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को परिवार के आहार का हिस्सा बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए उन्हें साड़ी भेंट की गई। वहीं ग्राम सरपंच की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए खिलौने प्रदान किए गए। इस सहयोग से केंद्र में बच्चों की गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने में सहायता मिलेगी।
विभाग की ओर से परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे एवं सेक्टर पर्यवेक्षक पूजा वर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में ग्राम खौड़ा, मुंडाटोला, सर्राकपा एवं भूर्सटोला के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं, बच्चों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र और समुदाय के बीच समन्वय मजबूत करने तथा ‘हर घर मुनगा’ के संदेश को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।



