KCGखास खबरछत्तीसगढ़

01 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिले में होंगे विविध आयोजन

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ 29 सितम्बर 2026// भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर  इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के मार्गदर्शन में जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा 01 अक्टूबर 2026 को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का जिला स्तरीय आयोजन किया जाएगा।

आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, संरक्षण एवं सम्मान के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण विकसित करना तथा उनके अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए कार्यरत शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इनमें वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान समारोह, स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, वित्तीय संरक्षण संबंधी कार्यशाला, जागरूकता कार्यक्रम एवं सेमिनार प्रमुख रूप से शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी। इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा उनकी सुविधा एवं क्षमता के अनुरूप क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए शपथ कार्यक्रम सहित राज्य कार्ययोजना के तहत स्वीकृत अन्य गतिविधियों का भी यथासंभव क्रियान्वयन किया जाएगा। संबंधित अधीनस्थ कार्यालयों एवं स्वायत्तशासी संस्थाओं के माध्यम से निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजन नियमानुसार सुनिश्चित किया जाएगा। खैरागढ़ स्थित सांस्कृतिक भवन में आयोजित उक्त कार्यक्रम में जिला प्रशासन ने जिले के 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्गों से अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सहभागिता करने की अपील की है। आयोजन के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button