
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के छठवें सप्ताह के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने विभिन्न शासकीय संस्थानों का भ्रमण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान ‘डेटा प्राइवेसी एवं सोशल मीडिया की सीमाएं’ विषय पर जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधिकारिक तथा संवेदनशील जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने समझाइश देते हुए कहा कि ओटीपी, पासवर्ड, लॉगिन विवरण, कार्यालयीन दस्तावेज, गोपनीय जानकारी तथा संवेदनशील फोटो या अन्य जानकारी सोशल मीडिया अथवा किसी अनधिकृत व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। सोशल मीडिया पर किसी भी जानकारी को पोस्ट करने से पहले उसकी आवश्यकता, सत्यता और उससे जुड़े संभावित साइबर जोखिमों पर विचार करने की अपील की गई।
पुलिस टीम ने बताया कि शासकीय संस्थानों की डिजिटल सुरक्षा केवल तकनीकी व्यवस्था पर निर्भर नहीं है, बल्कि प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की सतर्कता और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
साइबर जागृति अभियान के माध्यम से पुलिस द्वारा आमजन के साथ-साथ शासकीय संस्थानों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।



