राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : छत्तीसगढ़ शासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देशानुसार राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर जिले में 10 अगस्त 2026 को व्यापक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 61 हजार 326 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल का सेवन कराया जाएगा। जो बच्चे किसी कारणवश 10 अगस्त को दवा का सेवन नहीं कर पाएंगे, उन्हें 17 अगस्त 2026 को आयोजित मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आशीष शर्मा ने बताया कि कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न विभागों के समन्वय एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का उद्देश्य बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखते हुए उनके स्वास्थ्य, पोषण, शारीरिक विकास एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाना है। यह राष्ट्रीय अभियान प्रत्येक वर्ष दो चरणों में संचालित किया जाता है।
जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से पात्र बच्चों को उनकी आयु के अनुसार एल्बेंडाजोल की निर्धारित खुराक प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में खिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा जनप्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई है, ताकि जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक कृमि मुक्ति अभियान का लाभ पहुंचाया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को निर्धारित तिथि पर कृमिनाशक दवा का सेवन अवश्य कराएं। नियमित कृमि मुक्ति से बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण, ऊर्जा एवं समग्र विकास में भी सहायता मिलती है।



