
VB–G RAM G योजना के तहत विकास कार्ययोजना पर हुई चर्चा, ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 2 अक्टूबर 2026 // राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर माननीय राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में केंद्र सरकार की VB–G RAM G योजना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा ग्राम की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए विभिन्न विकास कार्यों के संबंध में अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त, रायपुर रामधन श्रीवास, सहायक परियोजना अधिकारी खैरागढ़ प्रेम देवांगन तथा जनपद पंचायत खैरागढ़ के पीओ उपेंद्र वर्मा सहित ग्राम पंचायत की सरपंच सीमा गुनेश वर्मा, सचिव पुनीता साहू एवं रोजगार सहायक खिलेश्वरी जंघेल उपस्थित रहे।
ग्राम सभा में वार्ड पंच टोप सिंह वर्मा, रामगोपाल वर्मा, राजेन्द्र वर्मा, गजेन्द्र रजक एवं चान्दिका जांघेल सहित महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियां, स्वच्छता दीदियां, लखपति दीदियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्राम सभा के दौरान VB–G RAM G योजना के उद्देश्यों, ग्रामीण विकास में जनभागीदारी तथा ग्राम की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों की प्राथमिकता तय करने पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने रोजगार के अवसर बढ़ाने, आवश्यक विकास कार्यों की पहचान करने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने से संबंधित सुझाव दिए। अधिकारियों ने योजना की जानकारी साझा करते हुए कार्ययोजना निर्माण में ग्रामीणों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर सरपंच सीमा गुनेश वर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत का उद्देश्य गांव के प्रत्येक वर्ग को विकास की प्रक्रिया से जोड़ना है। ग्रामीणों की आवश्यकताओं और सुझावों को ध्यान में रखते हुए ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे रोजगार, आजीविका एवं बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिल सके।
ग्राम सभा में महिलाओं की भी सक्रिय सहभागिता रही। महिला स्व-सहायता समूहों, स्वच्छता दीदियों एवं लखपति दीदियों ने ग्राम विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। इस दौरान ग्राम स्वराज, स्वावलंबन और जनभागीदारी की भावना के अनुरूप सामूहिक प्रयासों से सोनपुरी के विकास को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।



