
राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ / गंडई : खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपने मकान में रहने वाले किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है। पुलिस विभाग द्वारा जारी जनजागरूकता संदेश में कहा गया है कि किरायेदार सत्यापन से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती है तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में सहायता मिलती है।
पुलिस ने मकान मालिकों से अपने नजदीकी पुलिस थाना पहुंचकर अथवा SAMADHAAN ऐप के माध्यम से किरायेदार का सत्यापन कराने का आग्रह किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किरायेदार का सत्यापन कराना प्रत्येक मकान मालिक की जिम्मेदारी है और यह सुरक्षित समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा के प्रति सजग रहें, समय पर किरायेदारों का सत्यापन कराएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। जनहित में जारी इस अभियान का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम के साथ आमजन में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।



