
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सभी सहकारी समिति प्रबंधकों एवं धान खरीदी केंद्रों के ऑपरेटरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण की अध्यक्षता कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में धान खरीदी की प्रक्रिया, टोकन व्यवस्था एवं शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि जिले में धान खरीदी का कार्य सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न किया जाए। उन्होंने सभी समिति प्रबंधकों एवं ऑपरेटरों को धान खरीदी से संबंधित नियमों का पालन करने तथा किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशिक्षण में बताया गया कि इस वर्ष किसानों को कृषि भूमि के रकबे के आधार पर तीन श्रेणियों में टोकन जारी किए जाएंगे। 2 एकड़ से कम भूमि वाले किसानों को एक टोकन जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से वे अपनी पूरी धान की उपज एक साथ बेच सकेंगे। 2 एकड़ से 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को दो टोकन जारी होंगे, जिनमें पहले और दूसरे टोकन पर 50-50 प्रतिशत धान बेच सकेंगे। वहीं 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को तीन टोकन जारी किए जाएंगे, जिनमें पहले टोकन पर 33 प्रतिशत, दूसरे टोकन पर 33 प्रतिशत तथा तीसरे टोकन पर शेष 34 प्रतिशत धान बेचा जा सकेगा।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने निर्देश दिए कि टोकन जारी करने की प्रक्रिया में शासन के निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। किसानों को टोकन व्यवस्था की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने धान खरीदी कार्य में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर, संबंधित विभागों के अधिकारी, सहकारी समितियों के प्रबंधक एवं धान खरीदी केंद्रों के ऑपरेटर उपस्थित रहे।



