KCGखास खबरछत्तीसगढ़

इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की छह इकाइयों ने दिखाए स्थानीय उत्पाद

स्थानीय उत्पादों को मिला बेहतर बाजार, उद्यमियों को नए व्यापारिक संपर्कों के अवसर

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 23 सितंबर // रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में 18 से 20 सितंबर तक आयोजित इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के स्थानीय उत्पादों और कला-संस्कृति को प्रदर्शित किया गया। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के माध्यम से जिले की छह इकाइयों ने मेले में सहभागिता कर अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया। मेले में जिले के एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत शामिल उत्पादों के साथ विभिन्न स्थानीय उद्यमों के उत्पादों को भी लोगों ने देखा और पसंद किया।

एक जिला एक उत्पाद के तहत पान प्रसंस्करण क्षेत्र में कार्यरत यश ट्रेडर्स एंड मैन्युफैक्चर, छुईखदान की प्रोपराइटर पार्तीका महोबिया ने मेले में पान शेक और पान चाय प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि आगंतुकों ने इन उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई। इसी तरह पान अनुसंधान केंद्र, छुईखदान के अंतर्गत संचालित पान दुकान के विभिन्न उत्पादों की भी मेले में अच्छी बिक्री हुई।

जिले के दूसरे ओडीओपी क्षेत्र कला एवं संस्कृति पर्यटन के तहत इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के विद्यार्थियों द्वारा चित्रकला सहित विभिन्न कलाकृतियों का स्टॉल लगाया गया। वहीं गंडई की मेमन प्लास्टिक इकाई द्वारा निर्मित प्लास्टिक उत्पादों का भी प्रदर्शन किया गया। इकाई के प्रतिनिधियों ने बताया कि मेले में सहभागिता से उन्हें नए व्यापारिक संपर्क स्थापित करने और अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिला।

मेले में स्वर्ण उपज महिला कृषक उत्पादक कंपनी लिमिटेड के चना दाल एवं तुवर दाल सहित छुईखदान हाथकरघा सोसायटी के वस्त्र उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए। इन उत्पादों को आगंतुकों ने पसंद किया और उनकी खरीदारी भी की। इससे स्थानीय स्तर पर तैयार कृषि एवं हस्तकरघा उत्पादों के लिए बाजार की संभावनाओं को बढ़ावा मिला।

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक प्रणय कुमार बघेल ने बताया कि इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर में जिले की इकाइयों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विक्रय और नए व्यापारिक संपर्क बनाने का अवसर मिला। मेले में प्राप्त व्यावसायिक लाभ और सकारात्मक अनुभव को देखते हुए सहभागी इकाइयों ने आगामी औद्योगिक एवं व्यापारिक आयोजनों में भी उत्साहपूर्वक भाग लेने की इच्छा व्यक्त की है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button