KCGखास खबरछत्तीसगढ़

केसीजी में जुलाई डेंगू रोधी माह के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य शिक्षा एवं जनजागरूकता अभियान जारी

राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  प्रेम कुमार पटेल एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में “जुलाई डेंगू रोधी माह” के अंतर्गत डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए व्यापक सामुदायिक स्वास्थ्य शिक्षा एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को डेंगू रोग के कारण, लक्षण, उपचार एवं बचाव के संबंध में जानकारी देकर जनभागीदारी से डेंगू मुक्त वातावरण बनाने का संदेश दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि डेंगू एक वायरल रोग है, जो एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर मुख्यतः दिन के समय काटता है तथा साफ एवं रुके हुए पानी में पनपता है। इसलिए घर एवं आसपास पानी जमा न होने देना, कूलर, गमले, टायर, पानी की टंकियों एवं अन्य जल संग्रहण स्थलों की नियमित सफाई करना तथा प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक दिन “ड्राई डे” मनाना अत्यंत आवश्यक है।

अभियान के दौरान लोगों को डेंगू के प्रमुख लक्षणों जैसे तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द, त्वचा पर लाल चकत्ते, मतली अथवा उल्टी तथा गंभीर स्थिति में रक्तस्राव के लक्षणों की जानकारी दी गई। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी गई।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि डेंगू का कोई विशिष्ट एंटीवायरल उपचार उपलब्ध नहीं है। रोगी को चिकित्सक की सलाह अनुसार पैरासिटामोल का सेवन करना चाहिए, पर्याप्त मात्रा में पानी, ORS एवं अन्य तरल पदार्थ लेना चाहिए तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के एस्पिरिन, आइबुप्रोफेन अथवा डाइक्लोफेनाक जैसी दवाओं का सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे रक्तस्राव का खतरा बढ़ सकता है।

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन के नेतृत्व में जिले के समस्त ब्लॉक के बीएमओ, बीईटीओ, सेक्टर पर्यवेक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (RHO), मितानिनों एवं स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले द्वारा पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, नगरीय प्रशासन सहित अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से व्यापक जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत स्कूलों, छात्रावासों,घर-घर संपर्क, ग्राम सभाओं, स्वास्थ्य शिक्षा सत्रों, रैलियों, पोस्टर-बैनर एवं पाम्पलेट वितरण के आदि माध्यम से नागरिकों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रत्येक सप्ताह “हर रविवार – 10 मिनट, डेंगू पर वार” अभियान के तहत अपने घर एवं आसपास जलभराव वाले स्थानों की जांच एवं सफाई करें, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करें तथा डेंगू मुक्त जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button