KCGखास खबरछत्तीसगढ़

आयुर्वेद, योग और मिलेट्स से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

सेवा संकल्प अभियान के तहत सिविल अस्पताल परिसर में 11वां आयुर्वेद दिवस मनाया गया

खैरागढ़, 23 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ थीम पर बुधवार को सिविल अस्पताल खैरागढ़ परिसर में 11वां आयुर्वेद दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने भगवान धन्वंतरी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान आयुर्वेद, योग, संतुलित आहार और औषधीय पौधों के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परामर्श शिविर लगाया गया। नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता बताई गई। परिसर में औषधीय पौधों और विभिन्न मिलेट्स की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से औषधीय पौधों के गुणों, उपयोग तथा मिलेट्स के पोषण मूल्य और दैनिक आहार में उनकी उपयोगिता की जानकारी दी गई।

योग प्रदर्शन से नियमित अभ्यास का दिया संदेश

कार्यक्रम में योग का प्रदर्शन कर नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। नागरिकों को संतुलित खान-पान, नियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।

कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली में आयुर्वेद को शामिल कर स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और योग को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमकुमार पटेल ने औषधीय पौधों के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुशीला बंजारे के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश शरण साहू, डॉ. नरोत्तम राम नेताम, डॉ. रंजित सिंह देशमुख, डॉ. प्रसन्न कुमार प्रधान, डॉ. श्रुति जैन, होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिल्पी सिंह सहित आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button