राज नेशनल न्यूज़ गंडई : राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक अवसर पर आगामी 25 सितंबर (शुक्रवार) को सरस्वती शिशु मंदिर गंडई में भव्य सामूहिक गायन का आयोजन किया जा रहा है। प्रातः 11:00 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, पूर्व छात्र एवं नगरवासी एक साथ, एक समय और एक स्वर में संपूर्ण वंदे मातरम् का गान करेंगे।
वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी
यह आयोजन केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि इस दिन पूरे प्रदेश के 1100 से अधिक सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में एक साथ पूर्ण वंदे मातरम् का गायन होगा। इस अभूतपूर्व आयोजन को ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज कराने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं।
स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन
स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के त्याग, तपस्या और संघर्ष को स्मरण करने तथा भावी पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को प्रबल करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। विद्यालय स्तर पर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
अन्य शिक्षण संस्थानों से सहभागी बनने की अपील
आयोजकों द्वारा क्षेत्र के आसपास के अन्य स्कूलों और महाविद्यालयों से भी विशेष अपील की जा रही है कि वे अपने छात्र-छात्राओं के साथ सरस्वती शिशु मंदिर गंडई पहुंचकर इस राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत और ऐतिहासिक आयोजन के सहभागी बनें।



