
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जिला पुलिस खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खैरागढ़ पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने चार वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी संतोष मार्कण्डेय पिता अमरु दास, निवासी ग्राम खम्हरिया, को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।चोरी के मामले में आरोपी के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध प्रकरण क्रमांक 174/2021 में माननीय न्यायालय द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। न्यायालय में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण आरोपी के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस टीम ने मुखबिर से प्राप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी को विधिवत माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की गई।
जिला पुलिस केसीजी आमजन से अपील करती है कि यदि किसी फरार आरोपी अथवा स्थायी वारंटी के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



