राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ 19 अगस्त 2026//
किसानों की आय बढ़ाने तथा फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा दलहन-तिलहन सहित मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास की खेती को बढ़ावा देने के लिए योजना प्रारंभ की गई है। दलहन-तिलहन एवं कोदो फसल की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी की जाएगी। इसके अतिरिक्त कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को ₹15,000 प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
पूर्व से खरीफ में दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास की फसल लेने वाले किसानों को ₹10,000 प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि प्रदान की जा रही है।
दलहन-तिलहन का एमएसपी निर्धारित
भारत सरकार द्वारा विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रमुख दलहन एवं तिलहन फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किए गए हैं। इसके अनुसार तुअर (अरहर)- ₹8,450 प्रति क्विंटल, मूंग ₹8,780 प्रति क्विंटल, उड़द ₹7,800 प्रति क्विंटल, सोयाबीन ₹5,708 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर खरीदी से किसानों को उनकी उपज का उचित एवं सुनिश्चित मूल्य प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
सेवा सहकारी समितियों में पंजीयन प्रारंभ
दलहन-तिलहन एवं अन्य पात्र फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी तथा योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए सेवा सहकारी समितियों में पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। पंजीयन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। इच्छुक किसान निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी भूमि एवं बोई गई फसल का पंजीयन कराएं।
एग्रीस्टेक एवं फसल पंजीयन आवश्यक
योजना में पारदर्शिता एवं पात्र किसानों को वास्तविक लाभ सुनिश्चित करने के लिए एग्रीस्टेक, एकीकृत किसान पोर्टल एवं गिरदावरी डिजिटल प्रणाली को अनिवार्य किया गया है। एकीकृत किसान पोर्टल पर इच्छुक किसानों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी भूमि एवं बोई गई फसल का ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा। राजस्व विभाग द्वारा गिरदावरी / डीसीएस के माध्यम से फसल का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
किसान अपनी फसल प्रविष्टि में आवश्यक संशोधन अथवा पंजीयन संबंधी जानकारी के लिए अपने नजदीकी सेवा सहकारी समिति, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा विकासखंड कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।


