
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 15 अगस्त 2026// जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडेय ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। इस अवसर पर हर्ष और उल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में कुल 10 प्लाटूनों ने हिस्सा लिया। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार रक्षित निरीक्षक के. देवराजू ने सम्पूर्ण परेड का नेतृत्व किया, जबकि प्रशिक्षक सूबेदार रामकुमार सिंह सम्पूर्ण परेड के टू-आई.सी. रहे।
परेड में ITBP 40वीं वाहिनी के प्लाटून कमाण्डर राजा कुमार, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के प्लाटून कमाण्डर प्रवीण कुमार यादव, जिला पुलिस बल पुरुष प्लाटून के कमाण्डर प्रशिक्षु उप निरीक्षक नैमिश कुमार पटेल तथा जिला पुलिस बल महिला प्लाटून की कमाण्डर प्रशिक्षु उप निरीक्षक रंजिता पाण्डेय रहीं।
इसी तरह एनसीसी एवं स्काउट-गाइड दलों में विद्यार्थियों ने भी नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली। कुलदीप नेताम, कक्षा 11वीं ने एनसीसी बालक दल, रेणुका रजक, कक्षा 11वीं ने स्काउट-गाइड बालिका दल, एकता पटेल, कक्षा 12वीं ने स्काउट-गाइड बालिका दल तथा अजय साहू, कक्षा 12वीं ने स्काउट-गाइड बालक दल का नेतृत्व किया।
मुख्यमंत्री के संदेश का किया गया वाचन
मुख्य अतिथि संतोष पांडेय ने समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में सभी की सक्रिय भागीदारी और जिले के विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, मीसाबंदियों एवं शहीद जवान के परिजन का सम्मान
समारोह में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए जवान श्री निकेश यादव के पिता पुरुषोत्तम यादव को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा मीसाबंदी सुभाष सिंह ठाकुर सहित अन्य मीसाबंदी परिवारों का भी सम्मान किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 137 अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित
जिले में अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 137 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें पुलिस जवानों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। सम्मान समारोह के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया गया।
परेड एवं मार्चपास्ट में दिखा अनुशासन और जोश
समारोह में आयोजित परेड एवं मार्चपास्ट में विभिन्न दलों ने अनुशासन, समर्पण और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल (पुरुष) ने प्रथम, भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस 40वीं वाहिनी ने द्वितीय तथा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जूनियर वर्ग में बख्शी स्कूल, अमलीपारा स्कूल एवं सरस्वती शिशु मंदिर खैरागढ़ ने प्रथम, सरस्वती शिशु मंदिर स्काउट गाइड बालक खैरागढ़ द्वितीय तथा एनसीसी बालक दल, डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्कूल खैरागढ़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता दलों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद संतोष पांडेय, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य धम्मन साहू, सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, सुमन राज, एसडीएम खैरागढ़ टंकेश्वर प्रसाद साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस जवान एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे



