KCGखास खबरछत्तीसगढ़

बच्चों को सिखाया सुरक्षा मंत्र, माता-पिता का मोबाइल नंबर याद रखने किया जागरूक

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :  केसीजी पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिनव पहल करते हुए गार्डन एवं मार्ट बाजार में बच्चों को आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। थाना खैरागढ़ पुलिस की टीम ने बच्चों से संवाद कर उन्हें माता-पिता का मोबाइल नंबर याद रखने के लिए जागरूक किया।
पुलिस ने बच्चों को समझाया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजार या गार्डन में यदि वे किसी कारण से अपने परिजनों से बिछड़ जाएं तो घबराएं नहीं और अकेले इधर-उधर न जाएं। ऐसी स्थिति में किसी पुलिसकर्मी, सुरक्षा गार्ड, दुकानदार या विश्वसनीय व्यक्ति से मदद लें।
इस दौरान बच्चों को अपना नाम, माता-पिता का नाम और घर का पता बताने का अभ्यास भी कराया गया। पुलिस ने बच्चों को यह भी समझाया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ कहीं नहीं जाना है और अजनबी द्वारा दी गई खाने-पीने की वस्तु या कोई सामान स्वीकार नहीं करना है।
एक मोबाइल नंबर—बच्चे की सुरक्षा का मजबूत सहारा
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को कम से कम माता-पिता का मोबाइल नंबर जरूर याद करवाएं। साथ ही बच्चों के साथ नियमित रूप से सुरक्षा संबंधी संवाद करें, ताकि किसी आपात स्थिति में बच्चा सही निर्णय लेकर सुरक्षित व्यक्ति से मदद मांग सके।
खैरागढ़ पुलिस का संदेश है— “बच्चों की सुरक्षा, हम सबकी जिम्मेदारी। एक मोबाइल नंबर याद रखें, आपात स्थिति में अपनों तक पहुंचने का रास्ता आसान बनाएं।”
केसीजी पुलिस द्वारा बच्चों की सुरक्षा एवं जन-जागरूकता के लिए इस तरह के प्रयास आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button