KCGखास खबरछत्तीसगढ़

जिला पंचायत सामान्य सभा में विकास कार्यों की समीक्षा, DPDP योजना को मिली मंजूरी

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई :  जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की सामान्य सभा की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय स्थित मैकाल सदन में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
बैठक में 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत जिला पंचायत विकास योजना (डीपीडीपी) पर विस्तार से चर्चा कर सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जर्जर एवं अधूरे स्कूल भवनों, शिक्षकविहीन तथा एकल शिक्षक वाले विद्यालयों की स्थिति पर चर्चा हुई। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में जल जीवन मिशन और नल-जल योजनाओं के तहत निर्माणाधीन पेयजल टंकियों की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता, लंबित भुगतान, पूर्ण योजनाओं के ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण तथा उनके रखरखाव और जलकर व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।
विद्युत विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, लोक निर्माण विभाग के पुल-पुलिया निर्माण कार्यों तथा कृषि एवं सहकारिता विभाग की समीक्षा में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। कोपरो, रामपुर और कुम्हरवाड़ा में निर्माणाधीन छात्रावासों की गुणवत्ता एवं प्रगति की भी समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी विभागों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने, विभागीय समन्वय बढ़ाने तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, सदस्य अरुणा राजू सिंह, हेमलता मंडावी, भुनेश्वरी जीवन देवांगन, जमुना नरेश कुर्रे, दिनेश वर्मा, ललित चोपड़ा, निर्मला विजय वर्मा एवं शताक्षी देवव्रत सिंह सहित मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, उप संचालक पंचायत गीत कुमार सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, जनपद पंचायत खैरागढ़ की अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, जनपद पंचायत छुईखदान की अध्यक्ष पुष्पा प्रकाश वर्मा, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button