
बस स्टैंड, तिरंगा चौक, स्टेडियम परिसर और पंजाब नेशनल बैंक के पास की गई साफ-सफाई
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 21 सितंबर// स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत गंडई द्वारा ‘स्वच्छ सार्वजनिक स्थल’ थीम पर नगर के चार प्रमुख स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बस स्टैंड, तिरंगा चौक, स्टेडियम परिसर तथा कवर्धा रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास सफाई कर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया।
नगर पंचायत के कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों ने अभियान में सहभागिता करते हुए चयनित स्थलों से कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अनुपयोगी सामग्री को हटाया। सार्वजनिक स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में फैली गंदगी की सफाई कर परिसर को व्यवस्थित किया गया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
इस दौरान नागरिकों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। स्वच्छता कर्मियों ने लोगों को समझाया कि सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखना केवल स्थानीय निकाय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नगर पंचायत प्रशासन द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर के विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया जा रहा है।



