
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं तथा जनहित से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग लंबित प्रकरणों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब विभाग नियमित मॉनिटरिंग करते हुए जवाबदेही के साथ कार्य करें और नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराएं।
बैठक में कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन की तहसीलवार प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि एवं किसान हित से जुड़ी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र कृषक तक समय पर पहुंचे, इसके लिए मैदानी अमला सक्रियता एवं समन्वय के साथ कार्य करे।
सेवा सेतु के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम जनदर्शन, सीएम जनशिकायत, सीएम हेल्पलाइन तथा अन्य जन शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आधार आधारित उपस्थिति (Aadhaar Attendance) की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी कार्यालयों को प्रतिदिन आने एवं जाने की उपस्थिति रिपोर्ट साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित एवं समय पर उपस्थिति दर्ज कराने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं गति लाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय फाइलों का संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से ही किया जाए तथा डिजिटल कार्यप्रणाली को पूर्ण रूप से अपनाकर कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने नियद नेल्लानार 2.0 अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए व्यापक सर्वेक्षण, पात्रता सत्यापन एवं पंजीयन अभियान संचालित किया जाएगा। ग्राम स्तरीय सत्यापन दल घर-घर पहुंचकर योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों एवं परिवारों की पहचान करेंगे तथा उनका पंजीयन कर संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करेंगे। अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।
बैठक में “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 7 से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले तृतीय चरण के कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान हर घर तिरंगा अभियान के साथ तिरंगा यात्रा, मशाल रैली, देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, विचार गोष्ठी, संगोष्ठी, छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य प्रतियोगिता एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 अगस्त को ध्वजारोहण के उपरांत जिला मुख्यालय, विकासखंड, ग्राम पंचायतों तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया जाएगा। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ स्थापित कर नागरिकों को अपना गायन रिकॉर्ड कर अभियान पोर्टल पर अपलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक के अंत में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य में गंभीरता बनाए रखते हुए जिले में सुशासन की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, अपर कलेक्टर सुमन राज सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।



