राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम गुरुवार, 26 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आम नागरिकों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनेंगे।
जनदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री साय लोगों की समस्याओं से रूबरू होंगे और उनके त्वरित व यथोचित निराकरण के लिए मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। इस पहल के माध्यम से प्रदेश के नागरिक अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं, मांगों तथा विकास से जुड़े सुझावों को सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकेंगे।



