निःशुल्क आवास, भोजन, अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जैसी सुविधाओं का मिलेगा लाभ
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 02 अगस्त 2026// आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा जिले में संचालित छात्रावासों एवं आश्रमों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार जिले के विभिन्न छात्रावासों में रिक्त सीटों पर पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिले में कुल 23 छात्रावास एवं आश्रम संचालित हैं, जहां विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास, भोजन, नियमित अध्ययन की सुविधा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल वातावरण तथा सर्वांगीण विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। वर्तमान में 08 संस्थानों में कुल 126 सीटें रिक्त हैं, जिन पर प्रवेश दिया जाएगा।
विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार आदिवासी बालक आश्रम बकरकट्टा, आदिवासी बालक आश्रम गातापार जंगल, पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास खैरागढ़, प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास बाजार अतरिया, प्री-मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास ठेलकाडीह, पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास साल्हेवारा, प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास समुंदपानी तथा पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास छुईखदान में रिक्त सीटों पर प्रवेश किया जाएगा।
सहायक आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग ने बताया कि प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी संबंधित छात्रावास के संस्था प्रमुख, अधीक्षक अथवा अधीक्षिका से संपर्क कर छात्रावास नियमावली के अनुसार प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
विभाग ने पात्र विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित छात्रावास में संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया का लाभ उठाएं, ताकि अधिक से अधिक छात्र शासन की निःशुल्क आवासीय शिक्षा सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।



