
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर KCG पुलिस ने लिया ‘सेवा ही संकल्प’ का संकल्प
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा ही संकल्प’ की भावना को केंद्र में रखते हुए KCG पुलिस के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण, जनकल्याण एवं सुरक्षित समाज के प्रति अपने दायित्व और संकल्प को दोहराया।
दीप प्रज्वलन के माध्यम से समाज में सुरक्षा, विश्वास, जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ से भी जोड़ा गया। थाना परिसरों में साइबर जागरूकता से संबंधित रंगोली एवं दीप सजाकर नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस ने नागरिकों से OTP और UPI PIN गोपनीय रखने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध APK डाउनलोड से बचने तथा मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने की अपील की। साथ ही ऑनलाइन ठगी होने की स्थिति में बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम दीप प्रज्वलन के साथ सेवा, सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता के संकल्प का प्रतीक बना। पुलिस ने संदेश दिया कि जिस प्रकार दीपक अंधकार को दूर कर प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार जागरूकता और सतर्कता साइबर अपराध के खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
KCG पुलिस का संदेश:
“सेवा का संकल्प, जागरूकता का प्रकाश—
सतर्क नागरिक, सुरक्षित समाज।”



